उत्तराखंड में जल्द होगी 6500 से अधिक आंगनबाड़ी कर्मचारियों की भर्ती : रेखा आर्या

उत्तराखंड में जल्द ही 6559 आंगनबाड़ी कर्मचारियों की भर्ती शुरू होने जा रही है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम स्थित राष्ट्रीय खेल सचिवालय में समीक्षा करते हुए अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 374 और सहायिका के 6185 पद शामिल हैं।

रेखा आर्या ने बताया कुछ समय पहले राज्य के सभी जिलों में आंगनबाड़ी केंद्रों का अपग्रेड किया गया था। इससे वहां तैनात सहायिकाएं अपग्रेड होकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बन गई थीं। नतीजतन सहायिकाओं के काफी पद रिक्त हो गए हैं। हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में आंगनबाड़ी भर्ती नियमावली को संशोधित किया गया था, जिससे नई भर्ती का रास्ता खुल गया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगाए जाएंगे। आवेदन के लिए करीब 30 दिन का समय मिलेगा।

इसके साथ ही रेखा आर्या ने नंदा गौरा योजना के लिए 31 दिसंबर तक आवेदन मंगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो आवेदन किसी कमी के चलते वापस किए गए, उन्हें दोबारा मंगाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *