संसद वाले बवाल पर ऐक्शन मोड में भाजपा, अमित शाह के घर मीटिंग और मीडिया से बात

संसद में गुरुवार को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर से जुड़े मुद्दे पर विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के घर पर उच्च स्तरीय बैठक चल रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शाम 4:30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी बुलाई है।

गुरुवार को संसद परिसर में विपक्षी और सत्तापक्ष के सांसदों ने आंबेडकर से संबंधित टिप्पणी पर प्रदर्शन किया। विपक्षी दलों ने गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी पर कड़ा विरोध जताया और संसद भवन में मार्च निकाला। इसके जवाब में भाजपा सांसदों ने कांग्रेस पर बाबा साहेब आंबेडकर के अपमान का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

भाजपा ने दावा किया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने धक्का-मुक्की की, जिसकी वजह से पार्टी के बुजुर्ग सांसद प्रताप सारंगी चोटिल हो गए। सारंगी को चोट लगने के बाद तुरंत राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरी ओर, राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सांसदों ने उन्हें और अन्य विपक्षी सदस्यों को संसद भवन में प्रवेश करने से रोका और उनके साथ धक्का-मुक्की की। राहुल ने इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताया और भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *